वायरल वीडियो में पैसे मांगते जेई राजकुमार।स्रोत-वीडियो ग्रैब
दातागंज। उत्तर प्रदेश सरकार लगातार किसानों को शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति मुहैया कराने का दावा कर रही है, लेकिन मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एक जेई किसानों को समय पर ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं करा रहे। इस संबंध में दातागंज इलाके में जेई राजकुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वह ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने की एवज में 10 हजार रुपये मांग रहे हैं। किसान ने जेई के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव डहरपुर कलां निवासी केशेंद्र कुमार पुत्र झंडूलाल का कहना है कि उनके खेत में अपना निजी ट्यूबवेल है। उसका कनेक्शन पिता झंडूलाल के नाम पर है। पिता काफी वृद्ध हो चुके हैं, जिससे वही खेतीबाड़ी करता है। उसने अपने खेत में मक्का की फसल बोई है। उसके ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफॉर्मर 28 अप्रैल को फुंक गया था। उसके बाद केशेंद्र ने विद्युत उपकेंद्र दातागंज आकर इसकी शिकायत की। इसके अलावा विद्युत निगम के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उसका ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया। उसकी फसल लगातार सूखती जा रही है।
केशेंद्र का कहना है कि वह इस संबंध में जेई राजकुमार और एक टीजीटू से भी मिला था, लेकिन उन्होंने ट्रांसफॉर्मर बदलवाने की एवज में 10 हजार रुपये मांगे। उसने यह भी बताया कि वह काफी गरीब किसान है और उसकी फसल भी सूख रही है। वह केवल दो हजार रुपये दे सकता है तो जेई बोला कि दो हजार रुपये में काम नहीं चलेगा। रुपये उसको ऊपर भी देने पड़ते हैं। ट्रांसफॉर्मर बदलवाना है तो 10 हजार रुपये देने पड़ेंगे। केशेंद्र ने इस बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। उसके आधार पर दातागंज कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी। केशेंद्र ने जेई और टीजीटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
दातागंज इलाके में किसान से रुपये मांगने की कोई शिकायत तो नहीं आई है, लेकिन वीडियो के आधार पर जांच करवाकर जेई के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसान को जल्द से जल्द ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया जाएगा।- अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत निगम