बिल्सी। ग्रामीण क्षेत्र का परौली कृषि पोषक नाम से बना फीडर पिछले डेढ़ माह से ओवरलोड है। इससे एक दर्जन गांवों में लगे 600 निजी नलकूप और इन्ही गांव के उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। निगम के अधिकारियों ने पूर्व में जल्द ही इस फीडर को दो भागों में बांटे जाने का दावा किया था। वह भी काम अभी तक यहां पूरी नहीं हो सका है। बताते चले कि परौली कृषि फीडर से क्षेत्र के गांव अंबियापुर, बांस बरोलिया, गिरधरपुर, जरसैनी, खैरी, दिधौनी, नगला डल्लू, बादशाहपुर, नगला तरऊ, जरावन, छौलायन आदि गांव में लगे करीब 600 निजी नलकूप और गांव के लोगों को ओवरलोडिंग के कारण पर्याप्त मात्रा में बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इन गांवों के लोगों को आठ-नौ घंटे और नलकूपों को मात्र पांच-छह घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। अवर अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि परौली कृषि फीडर को दो भागों में विभाजित करने के लिए उपकेंद्र पर एक आउटगोइंग बीसीवी 13 मई को यहां आ चुकी है। जिसे दो-तीन में शिफ्ट कर चालू कर दिया जाएगा। जिसके बाद सभी सभी नलकूप और ग्रामीणों को काफी राहत मिल जाएगी। साथ ही इस फीडर की चली आ रही ओवरलोड की समस्या भी खत्म हो जाएगी।