नियमों का पालन न करने वालों के पट्टा होंगे खारिज
बरेली मंडल के आयुक्त प्रमांशु द्वारा दिए गए आदेश का अनुपालन कराने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन, जिला भूमि व्यवस्था अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने सभी उप जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर हिदायत दी है कि चकरोड और सार्वजनिक प्रयोग की भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। समस्त तहसीलदार अवैध कब्जा हटाने संबंधी कार्रवाई की सीडी तैयार कर उसे आयुक्त के कार्यालय और जनपद मुख्यालय में भी उपलब्ध कराएं। मत्स्य पालन और पौधरोपण के प्रयोजन के लिए पांच वर्ष पूर्व लिए गए पट्टों का दुरुपयोग करने वाले पट्टा धारकों का 15 फरवरी तक सर्वेक्षण कर रिपोर्ट आयुक्त को उपलब्ध करा दें। एडीएम ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि इन सभी मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी द्वारा इस अभियान की साप्ताहिक रूप से समीक्षा की जाएगी। इसमें शिथिलता बरतने वालों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।