बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा की तमाम कोशिशों के बाद भी बेसिक के लापरवाह शिक्षक बाज नहीं आ रहे हैं। समय से पहले स्कूल छोड़कर घर की ओर निकले छह शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटा है। वहीं एक प्रधानाध्यापक का भी अग्रिम आदेशों तक वेतन रोक दिया है। बीएसए की इस कार्रवाई से शिक्षकों में खलबली मची है।
लाइन से उतरी चल रही बेसिक शिक्षा को पटरी पर लाने के लिए बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा हर हथकंडा अपना रहे हैं। आज मंगलवार को वह ब्लाक जगत क्षेत्र में स्कूलों को चेक करने को निकल पड़े। समय था दोपहर करीब 2.30 बजे का। बीएसए की गाड़ी सबसे पहले खरगोली बुजुर्ग के प्राइमरी स्कूल पर पहुंची। देखा कि प्रधानाध्यापक अजय कुमार तो मौजूद थे लेकिन तीन शिक्षिकाएं स्कूल में नहीं थीं। बीएसए को यह तीनों शिक्षिकाएं घर आने के लिए सड़क पर वाहन का इंतजार करते मिलीं। जब बीएसए ने तीनों से बात की तो वह इधर-उधर देखने लगीं। बीएसए ने प्रधानाध्यापक अजय कुमार का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोका है। बाकी समय से पहले घर को निकलीं तीन शिक्षिकाओं का एक दिन का वेतन काटा है।
बीएसए इसके बाद गांव गुधनी के प्राइमरी स्कूल के निरीक्षण को पहुंचे जहां पर तैनात अध्यापिकाएं सड़क पर वाहन का इंतजार करते पाई गई। विद्यालय के प्रधापाध्यापक से पूछने पर उन्होंने असमर्थता जताई। बीएसए ने उनका अग्रीम आदेश तक वेतन रोकने के साथ ही विद्यालय से गायब अध्यापिकाओं का वेतन काटने का आदेश दिया है।