दरोगा ने आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाने में तैनात एसआई अरविंद कुमार कनौजिया के मोबाइल पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। एसआई ने आरोपी रवि गौतम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
एसआई अरविंद कुमार कनौजिया का कहना है कि वह आसफपुर के फकावली निवासी रवि गौतम के खिलाफ दर्ज एक मामले की विवेचना कर रहे हैं। वह मामले की विवेचना के संबंध में फकावली गांव गए थे लेकिन आरोपी रवि और उसके परिवार वाले घर पर मौजूद नहीं मिले। उन्होंने आरोपी के बारे में गांव के लोगों से जानकारी जुटाई और लौटकर थाने आ गए।
इसी दौरान एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। उसने कॉल करते ही उन्हें गाली देना शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए झूठे मुकदमें में फंसाने तक को कहा। बाद में आरोपी ने कॉल कट कर दी। उन्होंने उसी मोबाइल नंबर पर अपने दूसरे नंबर से कॉल की। तब रवि गौतम बात कर रहा था। उसने भी गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। एसआई अरविंद कुमार कनौजिया ने रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इससे विवेचना एसआई रमाकांत वर्मा को दी गई है।