बदायूं। इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान बिसौली जीजीआई में एक छात्रा को नकल करते हुए आंतरिक सचल दल ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान नकलची ने पर्ची खा ली। इस दौरान नकलची ने उत्तर पुस्तिका को भी फाड़ दिया। इस पर डीआईओएस ने आरोपी छात्रा पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में शनिवार को यूपी बोर्ड की दोनों पालियों में इंटरमीडिएट की परीक्षा थी। दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बिसौली में आंतरिक सचल दल को एक छात्रा पर शक हुआ। इस पर उन्होंने उसकी तलाशी ली। छात्रा के पास एक पर्ची मिली। जब तक सचल दल उस पर्ची काे ले पाते। तब तक छात्रा ने पर्ची खा ली। साथ ही उत्तर पुस्तिका को भी फाड़ दिया। केंद्र व्यवस्थापक ने इसकी जानकारी उच्चधिकारियों को दी। इसके बाद में डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने नकलची छात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया है।
इधर, सुबह की पाली में इंटर संगीत गायन व वादन की परीक्षा हुई। इसमें 271 में से 266 ने परीक्षा दी, जबकि पांच गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में इंटर की अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। इसमें 26085 में से 24616 ने परीक्षा दी, जबकि 1469 गैरहाजिर रहे।