बदायूं। उसहैत के कटरा साआदतगंज इलाके में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से बाढ़ पीड़ितों की 20 झोंपड़ियां जलकर राख हो गईं। उस दौरान अधिकतकर खाली थीं। सूचना पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंच गईं। तब कहीं आग पर काबू पाया गया।
बारिश के दिनों में उसहैत थाना क्षेत्र के गांव जटा और प्रेमी नगला में बाढ़ आ गई थी। जब लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुसा तो वे अपना गांव छोड़कर कटरा साअदतगंज के नजदीक बांध पर आ गए। उन्होंने यहां मिट्टी की दीवारें बनाकर उन पर छप्पर डाल लिए। तब से दोनों गांव के लोग बांध पर ही रह रहे हैं।
बताते हैं कि दोनों गांव के लोग दूसरे जिलों में काम करने गए थे। इससे अधिकतर झोंपड़ियां खाली थीं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे इन्हीं झोंपड़ियों में आग लग गई। ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उसहैत इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक 20 झोंपड़ियां जलकर राख हो चुकी थीं।
बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग को बुझाया। बताया जा रहा है कि करीब 20 लाख का नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना राजस्व विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।
-
इन ग्रामीणों की झोंपड़ियों में लगी आग
कालू, इकराम, इस्ताक, अजमत, हसन, हुसैन, मुफीद, राशिद, आसिफ, अंसार, आसीन मोहम्मद, सरदे आलम, नवाब सेन, जुशीद, इकबाल, शमशुद्दीन, दिलबार हुसैन, इशफाक, अहमदउद्दीन, सरबर सैफ आदि।