मुजरिया (बदायूं)। थाना क्षेत्र के सगराय गांव में बृहस्पतिवार रात तेज बरसात के दौरान एक मकान भरभराकर गिर गया। उसके नीचे दबकर 55 वर्षीय राधेश्याम की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा राहुल घायल हो गया। परिवार वालों ने राधेश्याम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
परिवार वालों के मुताबिक राधेश्याम, अपने भतीजे राहुल और परिवार के अन्य लोगों के साथ पुरानी बैठक में बैठे थे। उस वक्त बरसात हो रही थी। इससे मोहल्ले के कुछ लोग भी आकर बैठक में बैठ गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे अन्य लोग उठकर अपने-अपने घर चले गए। उसी दौरान बैठक भरभराकर ढह गई। उसके नीचे राधेश्याम और राहुल दब गए। यह देखकर परिवार और मोहल्ले के तमाम लोग आ गए।
उन्होंने बमुश्किल मलवा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। परिवार वाले उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए जहां राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया गया। राहुल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। परिवार वालों ने राधेश्याम के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। उन्होंने शुक्रवार दोपहर बाद उसके शव का कछला गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।-
मकान पर गिरी बिजली, जीना क्षतिग्रस्त
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव पुसगवां में शुक्रवार को एक मकान पर बिजली गिर गई। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय बरसात हो रही थी। उस वक्त ग्रामीण सरताज पुत्र तसब्बर हुसैन अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ बिजली मकान के जीना पर गिर गई, जिससे जीना क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस वक्त जीना के आसपास कोई मौजूद नहीं था। इससे परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। संवाद