बदायूं। प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने शुक्रवार को जिला योजना से तमाम विभागों के बजट का अनुमोदन किया, लेकिन उद्यान विभाग अछूता रहा। दो साल से उद्यान विभाग को धनराशि मुहैया नहीं कराई जा रही है। इसका सीधा प्रभाव किसानों पर पड़ रहा है। उन्हें मांग के अनुरूप सब्जियों का बीज नहीं मिल रहा है।
जिला उद्यान विभाग की ओर से किसानों को सब्जियों का बीज मुफ्त दिया जाता है। साथ ही किसानों को प्रेरित भी किया जाता है कि वे अपने खेतों में सब्जियां उगाएं। इसके लिए उन्हें शिमला मिर्च, मिर्च, टमाटर, लौकी, तोरई, फूलगोभी और पत्तागोभी आदि का बीज मुहैया कराया जाता है। यहां किसानों को अपना रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है। तब उन्हें बीज दिया जाता है। इस समय विभाग में लौकी, तोरई, खीरा, करेला, शिमला मिर्च और मिर्च का बीज भी उपलब्ध है लेकिन यह सब विभागीय बजट पर आधारित है।
दो साल से उद्यान विभाग को अलग से कोई धनराशि नहीं दी गई। और तो और इसे जिला योजना में भी शामिल नहीं किया गया। इस वित्तीय वर्ष में भी उद्यान विभाग अछूता रहा। जबकि इस विभाग का सीधे किसानों से संबंध है। यहां किसानों को सब्जियों का बीज दिया तो जा रहा है लेकिन सिर्फ खानापूरी हो रही है। ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभ मिल सके, ऐसा कोई काम नहीं हो रहा। अगर यहां थोड़ा ध्यान दिया जाए तो शायद किसानों की स्थिति सुधर सकती है।
वर्जन
- जिला योजना का प्रस्ताव विकास भवन से होता है। वहीं से इसकी पूरी जानकारी मिल सकती है। - पूजा, उपनिदेशक उद्यान