बदायूं। प्रयागराज में फंसे 19 और विद्यार्थी गुरुवार को घर लौट आए। उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
प्रयागराज से छात्र-छात्राओं का लेकर गुरुवार को लौटी रोडवेज बस पुलिस लाइन पहुंचीं। वहां से उन्हें प्राइवेट बस स्टैंड के पीछे बने शेल्टर होम ले जाया गया। इसकी सूचना पर डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी शेल्टर होम पहुंच गए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे घर पहुंचकर 14 दिन तक होम क्वांरटीन में रहें। उन्होंने सावधानी बरतने और सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा। बुखार, छींक, सांस लेने में दिक्कत समेत कोई समस्या हो तो कंट्रोल रूम नंबर 05832-266114 पर कॉल करें, जिससे समय पर उपचार हो सके। मास्क लगाकर रहें, बात करते समय उचित दूरी बनाए रखें, बार-बार हाथ धोते रहें। बेवजह मुंह, नाक, आंख न छूएं, लॉकडाउन का पालन करें। डीएम के आदेश पर जिला अस्पताल की एक टीम शेल्टर होम पहुंची। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। फिर विद्यार्थियों को उनके घर भेज दिया गया। इसके बाद डीएम-एसएसपी ने म्याऊं के सत्यदेव विद्यापीठ इंटर कॉलेज जवाहर नगला क्वांरटीन सेंटर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहां 80 लोग क्वारंटीन हैं। संवाद