कई स्थानों से होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटे
विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी है। जिले में 15 फरवरी को मतदान तथा 11 मार्च को मतगणना होगी। अधिसूचना जारी होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार एवं एसएसपी महेंद्र यादव ने लावेला, छह सड़का, रजी चौक एवं नवादा चौराहे पर पूरे प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचकर विभिन्न दलों की होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि को हटवाया। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी स्थानों से अगले 24 घंटे के अंदर सरकारी एवं निजी स्थानों पर लगी सभी प्रचार सामग्री प्रत्येक दशा में हटवाई जाए। प्रचार सामग्री हटवाने का दायित्व सभी रिटर्निंग ऑफिसर और स्थानीय निकाय के अधिकारियों को सौंपा गया है। डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव आचार संहिता का अक्षरश: अनुपालन कराया जाएगा। डीएम व एसएसपी ने संयुक्त रूप से पूरे प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में नगर पालिका परिषद बदायूं की टीम ने होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि को हटवाया। प्रचार सामग्री हटवाने की व्यवस्था के लिए पर्याप्त टीमों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित न करने पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र भारती और थाना सिविल लाइन के इंस्पेक्टर जमीरुल हसन की कड़ी फटकार लगाते हुए नाराजगी जताई। हिदायत दी कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।