अलापुर में हाइवे पर टूटकर गिरा हाई टेंशन लाइन का तार। संवाद
अलापुर। एमएफ हाईवे पर अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इसी बीच बाइक से जा रहा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। सूचना के बाद पुलिस व बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद तार को हटाया गया। इस दौरान करीब पौन घंटे तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। पुलिस ने तार हटवाने के बाद जाम को हटवाया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
मामला सोमवार दोपहर कस्बे के थाना चौराहे का है। बाइक सवार तारों के नीचे से गुजर रहा था। तार टूटते ही लोग बाइक सड़क पर छोड़ भाग खड़े हुए। जिस समय तार टूटा उस वक्त बिजली आपूर्ति जारी थी। तार गिरने से हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए।
जब तक पुलिस व बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तब तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने तार हटवाकर यातायात सुचारू कराया। करीब पौन घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। अगर तार किसी वाहन के ऊपर गिरता तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता था। इससे पहले बीते जुलाई माह में सखानू के पास बड़ा हादसा हो गया था। बिजली तार की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती की मौत हो गई थी। इसके बाद भी बिजली विभाग ने हइवे के ऊपर गुजर रही लाइनों को नहीं हटाया है।
चेहल्लुम के चलते बाधित रही बिजली आपूर्ति
अलापुर। चेहल्लुम के जुलूस के चलते बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित रही। दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक बिजली न आने से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। बिजली कटौती को लेकर बिजली कर्मियों से लोगों की झड़प भी हुई। उधर, बिजली कर्मियों ने चेहल्लुम के जुलूस के बाद ही निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की बात कही है। संवाद