बिसौली। शाहबाद-कछला मार्ग पर सोत नदी के पुराने व क्षतिग्रस्त पुल पर अब भारी और ओवरलोड वाहनों के प्रवेश नहीं हो सकेगा। इस संबंध में मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी ने पुलिस और प्रशासन को पत्र जारी किया है। इसको लेकर एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों से रूट डायवर्जन प्लान मांगा है।
बिसौली-सहसवान मार्ग पर गांव निजरा व रानेट के बीच लगभग 50 वर्ष पुराना पुल खस्ताहाल में है। इसके स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी ने शासन-प्रशासन को काफी पहले दी थी। इसके बाद में 26 अगस्त को सेतु निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने फिर से निरीक्षण किया और पुल पर भारी वाहनों के आवागमन को लेकर चिंता व्यक्त की थी।
इसके बाद में टीम ने अपनी रिपोर्ट 30 अगस्त को मुख्य अभियंता को सौंप दी। मुख्य अभियंता ने पत्र जारी कर पुलिस-प्रशासन से इस पर भारी वाहनों का आवागमन बंद करने के निर्देश दिए। एसडीएम कल्पना जायसवाल ने बताया कि रूट डायवर्जन प्लान मांगा गया है। इससे गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य पर प्रभाव न पड़े।