बदायूं की जामा मस्जिद के मुकदमे में शुक्रवार को सुनवाई हुई। इस दौरान वाद पत्र के संशोधन प्रार्थना पत्र पर बहस नहीं हो सकी। वादी पक्ष ने कहा कि सुनवाई के लिए तारीख जल्दी मिल गई थी, लेकिन हनुमान जन्मोत्सव की वजह से वह तैयारी नहीं कर सके। इसलिए बहस के लिए उन्हें कुछ वक्त और दिया जाए। मामले की अगली सुनवाई 12 अप्रैल को होगी।
सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में विचाराधीन भगवान नीलकंठ महादेव बनाम इंतजामिया कमेटी जामा मस्जिद के मुकदमे की सुनवाई शुक्रवार को हुई। पिछली पांच अप्रैल को न्यायालय ने प्रार्थना पत्रों को क्रम से सुनवाई का आदेश दिया था। लिखा था कि वाद पत्र के संशोधन प्रार्थना पत्र की पहले सुनवाई होगी। उसके बाद आदेश सात नियम 11 पर सुनवाई होगी। इसके लिए सात अप्रैल तारीख दी गई थी।