बदायूं। आजमगढ़ के मौजूदा सपा सांसद धर्मेंद्र यादव समेत 29 लोगों पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला अदालत में चल रहा है। सुनवाई के लिए तारीख 24 जून लगी थी, लेकिन इसमें वह हाजिर नहीं हुए। कोर्ट ने अब सुनवाई के लिए 27 जून की तिथि नियत की है। बचाव पक्ष की बहस पूरी होने के बाद निर्णय लिया जाएगा।
सिविल जज सीनियर डिवीजन लीलू सिंह की एमपी एमएलए कोर्ट में मामला विचाराधीन है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के समय सदर एसडीएम सुखलाल प्रसाद वर्मा ने आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया था। चुनाव के समय शहर के एक लॉन में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को बुलाया गया था। आरोप है कि प्रलोभन देकर मत हासिल करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने इसी आरोप के साथ धर्मेंद्र यादव समेत 29 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें अभियोजन पक्ष ने अपनी बहस पूरी कर दी। बचाव पक्ष ने बहस की शुरुआत कर दी है। बचाव पक्ष ने न्यायालय में बहस की, जो अभी जारी रहेगी ।संवाद