बदायूं। दहगवां के गांव नदायल की एक किशोरी की मंगलवार को डेेंगू से मौत हो गई। डेंगू के चार नए मरीज भी मिले हैं, जिनमें दो लखनपुर के एक दातागंज और एक मरीज शहर का है। जिले में मंगलवार को डेंगू के सक्रिय मरीजों की संख्या 96 रही।
स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग ने मंगलवार को जिले में 492 लोगों का एलाइजा टेस्ट कराया। यह सभी बुखार पीड़ित लोग थे। 12 स्थानों पर हेल्थ कैंप के जरिया इन लोगों के सैंपल जुटाए गए। देर शाम आई रिपोर्ट में डेेंगूू के चार मरीज निकले हैं। मलेरिया का एक मरीज भी मिला है। इस बीच मंगलवार को दहगवां क्षेत्र के गांव नदायल में 15 वर्षीय किशोरी की डेंगू से मौत हो गई। गांव के मजहर अली के 15 वर्षीय बेटी निदा को कई दिन से बुखार आ रहा था। स्थानीय स्तर पर इलाज से फायदा न होने पर परिवार वालों ने निदा को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां जांच में निदा को डेेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान मंगलवार को निदा की मौत हो गई।
दहगवां सीएचसी के तहत आने वाले गांव नदायत में बुखार का प्रकोप बना हुआ है। गांव में सौ से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में है। मंगलवार को एक मौत होने के बाद भी अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से नदायल में कैंप नहीं किया गया है। मलेरिया विभाग की ओर से भी यहां दवाओं का छिड़काव नहीं किया जा रहा है।
-------------
जिले के 42 गांव डेेंगू प्रभावित
- जिले के चार ब्लॉक के 42 गांवों में अब भी डेंगू का प्रकोप बना हुआ है। उझानी, जगत, अंबियापुर और दातागकंज ब्लॉक के गांवों में डेंगू के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं। उझानी का गांव ननाखेड़ा, जगत का उनौला, वजीरगंज का उरैना और अंबियापुर का गुधनी सर्वाधिक प्रभावित हैं। गौर करने की बात यह है कि उरैना, उनौला, ननाखेड़ा और अंबियापुर गांवों में अब तक मिले डेंगू के मरीजों और मरने वालों की संख्या सर्वाधिक है।
----------
वर्जन-
डेंगूू नियंत्रण में है। गांवों में लगातार हेल्थ कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच कराई जा रही है। मंगलवार को डेंगू के चार मरीज मिले हैं। डेंगू से किसी मौत की सूचना नहीं है। अगर कहीं पर कोई मौत हुई है तो पड़ताल कराई जाएगी। टीम को नदायल भेज कर मौत के कारणों की जांच कराई जाएगी।
- डॉ. तहसीन, एसीएमओ/नोडल अधिकारी संक्रामक रोग नियंत्रण सेल