सड़क पर महिला का शव रखकर कार्रवाई की मांग करते परिवार वाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र के सामने निजी अस्पताल में सोमवार शाम 28 वर्षीय गर्भवती महिला सना की मौत हो गई। परिवार वालों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर मामूली जाम भी लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर महिला का शव पोस्टमार्टम को भेजा।
गर्भवती महिला सना पत्नी अल्ताफ ककराला के वार्ड नंबर 23 की रहने वाली थी। परिवार वालों ने उसे सोमवार सुबह पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र के सामने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके देवर जीशान के मुताबिक डॉक्टर ने नॉर्मल डिलीवरी का आश्वासन दिया था। इसके लिए उन्होंने रुपये भी जमा करा लिए थे। दोपहर तक सना की डिलीवरी नहीं हुई। उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। डॉक्टर उसे अस्पताल में रोके रही। उन्हें इलाज का भरोसा दिया जाता रहा। आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही से शाम करीब चार बजे सना की निजी अस्पताल में मौत हो गई।
बाद में परिवार के लोगों ने हंगामा कर दिया। वह शव को अस्पताल से निकालकर बाहर ले आए और उन्होंने बीच सड़क पर ही शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने परिवार वालों को समझाया कि वह तहरीर दे, जिससे मामले में कार्रवाई की जा सके। परिवार वालों ने सना का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इससे पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। अभी उन्होंने डॉक्टर के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।