लार्वा खोजता मलेरिया विभाग का कर्मचारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में मलेरिया का असर बढ़ने लगा है। सोमवार को भी मलेरिया के आठ और फैल्सीपेरम के तीन नए मरीज मिले हैं। सात गांवों में बुखार के भी 132 मरीज मिले हैं। हालांकि, कोरोना को कोई नया मरीज नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात और मलेरिया विभाग की ओर से 23 स्थानों पर कैंप का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को समरेर, सालारपुर, दातागंज और म्याऊ ब्लॉक के सात गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगवाए। इस दौरान 408 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 132 बुखार के मरीज मिले। मलेरिया विभाग की ओर से 23 टीमों ने 60 गांवों में दवाओं का छिड़काव कराया। 208 लोगों की मलेरिया की जांच की गई। इस दौरान मलेरिया के आठ और फैल्सीपेरम के तीन नए मरीज मिले हैं। मरीजों को दवाओं का वितरण करने के साथ मलेरिया प्रभावित गांवों में दवाओं का छिड़काव भी कराया गया। इस बार मलेरिया का सबसे ज्यादा प्रकोप सालारपुर और समरेर ब्लॉक के गांवों में है। मलेरिया विभाग की टीमों ने सोमवार को शहर में चार और देहात में 12 स्थानों पर लार्वा खोजने के बाद उसे नष्ट कराया।
इधर, सोमवार को भी कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला है। कोई मरीज स्वस्थ भी नहीं हुआ है। ऐसे में जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या तीन बनी हुई है। सोमवार को जिले में 1254 लोगों के सैंपल लिए गए। इनकी जांच रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।