बदायूं। जिले में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शनिवार को भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से समरेर, सालारपुर, दातागंज और जगत ब्लॉक के गांवों में स्वास्थ्य कैंप लगाए गए। इस दौरान दस गांवों में बुखार के 219 रोगी मिले। एक रोगी मलेरिया का भी निकला है।
सालारपुर और समरेर ब्लॉक के गांवों में बुखार और मलेरिया का ज्यादा प्रकोप है। शनिवार को समरेर के सिसइयां गुसाई और कमान गांवों में बुखार के सौ रोगी मिले हैं। दातागंज के मुड़सेना खुर्द, हाशिमपुर, अंधरऊ गांवों में भी बड़ी संख्या में बुखार के रोगी मिले हैं। जगत के खुनक में बुखार के 47 रोगी मिले हैं। सालारपुर के भूरीपुर और मई रजऊ में भी बुखार का व्यापक प्रकोप है। शनिवार को मलेरिया विभाग की टीमों ने इन गांवों में दवाओं का छिड़काव किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 599 लोगों की स्वास्थ्य जांच के बाद बुखार के रोगियों को दवाओं का वितरण किया।
प्रभारी संक्रामक रोग नियंत्रण सेल डॉ. कौशल गुप्ता का कहना है कि गांवों में लगातार स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। वायरल बुखार का प्रकोप है। संक्रामक बीमारियों जैसी अभी कोई बात नहीं है। जहां से भी बुखार या बीमारियों की सूचना मिलती है वहां टीमों को भेजा जा रहा है।