कोरोना का सुरक्षा टीका लगवाती एक महिला। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। वैक्सीन की कमी के बीच शुक्रवार को सितंबर का पहला बूस्टर डोज मेगा डे मनाया गया। इस दौरान जिले में 15 हजार लक्ष्य के सापेक्ष 13 हजार लोगों को बूस्टर डोज यानी कोरोना का सुरक्षा टीका लगाया गया। अब रविवार को बूस्टर डोज मेगा डे मनाया जाना है। शनिवार को वैक्सीन की सप्लाई मिलने की बात कही जा रही है।
जिले में 30 सितंबर तक 18 वर्ष से अधिक आयु के 19 लाख लोगों को बूस्टर डोज दी जानी है। अब तक जिले में 4.35 लाख लोगों को ही बूस्टर डोज दी जा चुकी है। अगस्त माह में हर रविवार को बूस्टर डोज मेगा डे मनाया गया। सितंबर में रविवार के साथ शुक्रवार को भी बूस्टर डोज मेगा डे मनाए जाने का फैसला लिया गया है, लेकिन वैक्सीन की कमी बनी हुई है। शुक्रवार को 13 हजार लोगों को ही टीका लगाया जा सका। जिले की कोल्ड चेन में अब वैक्सीन की तीन हजार डोज का ही स्टॉक बचा है। ऐसे में शनिवार को टीकाकरण प्रभावित हो सकता है।
नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. मोहम्मद असलम ने बताया कि शनिवार शाम तक वैक्सीन की सप्लाई मिलने की उम्मीद है। रविवार को जिले में 50 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण प्रभावित हो सकता है।