बदायूं। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले में बूस्टर मेगा डोज डे के दौरान जिले में एक दिन में 45 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना का सुरक्षा टीका लगवाया। पहली बार जिले में एक ही दिन में 330 केंद्रों पर बूस्टर डोज देने यानी सुरक्षा टीका लगाने को अभियान चलाया गया। रविवार को सुबह बारिश और उसके बाद दिन भर बूंदाबांदी के बीच लोगों में बूस्टर डोज को लेकर उत्साह दिखा।
पिछले महीने से कोरोना संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ने लगा था। ऐसे में सरकार ने 18 वर्ष आयु के सभी लोगों को 15 जुलाई से 30 सितंबर तक अभियान चला कर मुफ्त बूस्टर डोज देने का फैसला किया था, इससे पहले बूस्टर सिर्फ 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए ही मुफ्त थी।
15 जुलाई से 30 सितंबर तक अभियान के दौरान जिले में 19 लाख लोगों को बूस्टर डोज देने का लक्ष्य दिया गया था। जिन लोगों को दूसरा टीका लगवाए छह माह या 26 सप्ताह का समय हो चुका है वह मुफ्त बूस्टर डोज ले सकते हैं।
मुफ्त बूस्टर डोज को अभियान के बावजूद प्रगति नहीं हो रही थी। ऐसे में सात अगस्त को विशेष अभियान के दौरान जिले में एक दिन में 26 हजार लोगों ने बूस्टर डोज ली, इसके बाद अच्छी प्रगति होने लगी। प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा लोग बूस्टर डोज ले रहे थे। रविवार को बूस्टर डोज मेगा डे के दौरान जिले में 330 केंद्रों पर एक दिन में 45263 लोगों ने बारिश और बूंदाबांदी के बीच बूस्टर डोज ली, इसके साथ ही जिले में बूस्टर डोज लेने वालों की कुल संख्या 2.13 लाख से ज्यादा हो गई है।
-
मंगलवार से 26 तक विशेष टीकाकरण अभियान
अब मंगलवार 16 से 23 अगस्त तक विशेष अभियान चला कर सरकारी कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए सरकारी कार्यालयों में वर्क प्लेस पर भी टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे। इस संबंध में हाल ही में शासन से गाइड लाइन आई है। जिन सरकारी कार्यालयों में सौ या इससे अधिक कर्मचारी है वहां टीककरण केंद्र बनाए जाएंगे और जहां संख्या सौ से कम है वहां के सरकारी कर्मचारियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर बूस्टर डोज दी जाएगी। रविवार को बूस्टर डोज मेगा डे निपटने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान की तैयारी भी शुरू कर दी है।
-
रविवार को बूस्टर डोज मेगा डे के दौरान जिले में 330 केंद्रों पर 45263 लोगों को बूस्टर डोज दी गई। जिले के लिए 45 हजार का लक्ष्य निर्धारित था। बारिश और बूंदाबांदी के बीच लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। अब मंगलवार से सरकारी कर्मचारियों को बूस्टर डोज देने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
-डॉ. मोहम्मद असलम, नोडल अधिकारी टीकाकरण