आरोपी अफीम तस्कर को पकड़कर ले जाती हरियाणा पुलिस। संवाद
कुंवरगांव। जिले में हाईवे किनारे होटलों और ढावों से अफीम की तस्करी की जा रही है। धंधा बदायूं से हरियाणा तक फैल गया है। हरियाणा पुलिस ने एक किलो अफीम के साथ एक युवक को पकड़ा था, उसी की निशानदेही पर स्थानीय पुलिस की मदद से दो और अफीम तस्करों को पकड़ा गया है, जबकि एक बिसौली कोतवाली क्षेत्र का है, उसकी तलाश की जा रही है।
जिले में सालों से अफीम तस्करी का बड़ा गैंग सक्रिय है। इसकी पोल तब खुली जब इंस्पेक्टर धनंजय पाण्डेय ने वजीरगंज तैनाती के दौरान एक साल में करोड़ों रुपये की अफीम के साथ सौ से अधिक तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनके तबादले के बाद से जिले में कोई तस्कर ही नहीं पकड़ा जा रहा है।
दो दिन पहले हरियाणा नारकोटिक्स विभाग ने क्षेत्र के गांव हरहरपुर निवासी शिशुपाल को पानीपत में पकड़ा था। कब्जे से एक किलो अफीम बरामद हुई थी। उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताए, जिसपर रविवार को हरियाणा नारकोटिक्स विभाग की टीम उसको साथ लेकर कुंवरगांव थाने पहुंची। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर टीम ने गंज पेट्रोल पंप के पास से दो अन्य युवकों को पकड़ लिया। उसने अपने एक अन्य साथी का भी नाम बताया है, जो बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुर का रहने वाला है। एसआई अशोक कुमार ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा रहा है। पूछताछ में पकड़े गए युवकों से और भी बड़ा खुलासा हो सकता है।