बिजली विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी की जर्जर लाइनों को नहीं बदला जा रहा है, जिसके कारण यहां आए दिन तार सड़क पर टूटकर गिरते रहते हैं। कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता है। गांव के डा. राजीव कुमार सिंह, संजीव रुप, यशपाल सिंह, ओमवीर सिंह, मुकेश कुमार, अरविंद कुमार ने बताया कि गांव की गढ़ी पट्टी से लेकर मुख्य सड़क को जाने वाले मार्ग एवं गांव की अन्य गलियों में बिजली की लाइनों को काफी दिनों से नहीं बदला गया है। तार जर्जर हालत में हैं। बिजली आपूर्ति के छोड़ते ही यह लाइन टूटकर सड़क पर गिर जाती है। इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। मगर समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। अब सभी ने डीएम को पत्र भेजकर गांव की जर्जर लाइन शीघ्र बदलवाएं जाने की मांग की है।