कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के बाबट गांव में ठंड से बचने के लिए जलाई गई आग से निकली चिंगारी एक झोंपड़ी पर गिर गई। इस कारण झोंपड़ी में आग लग गई। इस कारण हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गांव निवासी भूरे सिंह एक बगीचे में झोंपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार दोपहर ठंड से राहत पाने के लिए झोंपड़ी के पास आग जलाई गई थी। इसी दौरान उठी चिंगारी झोंपड़ी पर गिर गई और आग लग गई। कुछ ही देर में पूरी झोंपड़ी जल गई। आग से कपड़े, अनाज, लकड़ी सहित घरेलू सामान जल गया। हालांकि झोंपड़ी में बंधी आधा दर्जन बकरियां किसी तरह सुरक्षित निकाल ली गईं। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।