गंगा की सफाई में लगे गायत्री परिवार के लोग
अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में निर्मल गंगा जन अभियान के तहत गायत्री परिजनों ने गंगा घाट पर साफ-सफाई की। दीपदान कर मां गंगा की आरती उतारी। निर्मल गंगा जन अभियान के जिला संयोजक सुखपाल शर्मा ने कहा कि गंगा भारत की पहचान और संस्कृति की शान है। लोक और परलोक के लिए कल्याणकारी है। गंगा के पवित्र जल को कूड़ा डाल कर गंदा न करें। सह संयोजक रघुनाथ सिंह, प्रज्ञा मंडल की नरेंद्र कुमार, महिला मंडल की रेखा रानी और रजनी मिश्रा ने कहा कि गंदे पानी को गंगा में न बहने दें, सोख्ता गड्ढा बनाएं। गंगा को सुरक्षित रखें। संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि नदियों को हमने मां माना है और मां ममत्व से अमृत पान करा रही है। वह अपनी जिम्मेदारी निभाकर सदानीरा है। युवा भागीरथ प्रयास से मां गंगा की गरिमा को पुर्नस्थापित करें। गायत्री परिवार के सदस्यों ने गंगा में कचरा फेंकने, वाहन धोने वालों को रोका। गंगा में फेंकी गई गंदगी भी निकाली। इस अवसर पर मृत्युंजय शर्मा, दीप्ति शर्मा समेत तमाम लोगों ने सफाई की।