फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: प्रेमिका ने कहा था मार दो पत्नी... दोस्त के साथ मिलकर कर दी मीरा की हत्या

Fri, 02 Aug 2024 05:27 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
बिनावर थाने में खड़े आरोपी। स्रोत-पुलिस
विज्ञापन
बदायूं। बिनावर के गांव वृंदावन में मीरा (25) की हत्या उसके पति ने ही की थी। उसके पति आकाश के अपने गांव की महिला पूजा से प्रेम संबंध थे। प्रेमिका के कहने पर ही आकाश ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया था। करीब सात-आठ माह पहले पूजा का पति भी अचानक गायब हो गया था। करीब 15 दिन बाद गांव के पास ही एक शव मिला था। परिवार के लोगों ने कपड़े आदि से उसकी पहचान की थी, लेकिन पूजा ने पति का शव न होने की बात कहकर पुलिस को गुमराह कर दिया था। उसकी गुमशुदगी आज तक बिसौली थाने में दर्ज है।
विज्ञापन

हत्या से पहले पूजा ने आकाश से कहा था कि वह मीरा को रास्ते से हटा दे। तभी वह उसके साथ रहेगी। उसके बाद से ही आकाश ने षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया था। आकाश 27 जुलाई को मीरा को मायके छोड़ गया था और दूसरी रात आकर अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। इसमें पुलिस ने आकाश, उसकी प्रेमिका व दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। दोपहर बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि 30 जुलाई मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि बिनावर थाना क्षेत्र के गांव वृंदावन में मीरा पुत्री अजुद्दी का शव पड़ा मिला था। उसकी एक साल पहले बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव दिसौलीगंज निवासी आकाश उर्फ रोनी पुत्र शेर सिंह के साथ शादी हुई थी। वह शनिवार को मीरा को मायके छोड़कर गया था और फिर रविवार रात अपने दोस्त के साथ आया। मीरा को कॉल करके गांव के बाहर बुलाया और फिर उसकी हत्या कर भाग गया। दूसरे दिन उसका शव बरामद हुआ तो पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की।
विज्ञापन


आकाश सोमवार को भी वृंदावन आया था, लेकिन वह अपनी कार और मोबाइल छोड़कर भाग गया था। तब से पुलिस उसको तलाश कर रही थी। बुधवार रात पुलिस ने ढकिया मंदिर के नजदीक से आकाश, उसके दोस्त रूपेंद्र और प्रेमिका पूजा को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें थाने लाकर जब पूछताछ की गई तो आकाश ने बताया कि उसका पूजा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
करीब सात-आठ माह पहले पूजा के पति बदन सिंह अचानक गायब हो गया तब आकाश ने उसकी काफी मदद की थी, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं थीं। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे, लेकिन उन्हें मीरा का डर था कि वह कहीं हंगामा न कर दे, जिससे पूजा ने कहा था कि वह उसको रास्ते से हटा दे, तभी वह उसके साथ रह पाएगी। इससे आकाश उसकी बातों में आ गया। फिर योजना के तहत शनिवार को उसे मायके में छोड़ा और रविवार रात अपने दोस्त के साथ वृंदावन आकर उसकी हत्या कर दी।

ऐसे की थी मीरा की हत्या
- आकाश को डर था कि अगर वह मीरा की हत्या अपने घर या गांव में करेगा तो सीधे उसका नाम आएगा, जिससे उसने एक योजना बनाई कि वह उसको ससुराल में जाकर मारेगा और किसी को पता नहीं चलेगा। इससे वह शनिवार को उसे मायके में छोड़कर आया था। फिर वह रविवार रात करीब 10 बजे उसके गांव वृंदावन पहुंचा। उसने मीरा को कॉल की और उसे चुपचाप गांव के बाहर आने को कहा, जिससे मीरा बिना बताए चुपचाप उठकर चली आई। हालांकि वह बच्चों को बता आई थी कि उनके फूफा बुला रहे हैं। जैसे ही मीरा उसके पास पहुंची कि उसने उसे खेत में ले जाकर धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आकाश ने गला दबाया और उसके दोस्त रूपेंद्र ने उसका मुंह दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई।

गांव में चर्चा पूजा का पति गायब नहीं, इसी तरह की गई थी उसकी हत्या
- मीरा हत्याकांड के बाद से दिसौलीगंज में एक चर्चा आम हो गई है कि पूजा ने ही अपने पति बदन सिंह की हत्या कराई थी। उसका पति दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। उस दौरान से ही पूजा का आकाश से प्रेम प्रसंग चल रहा है। आठ माह पहले बदन सिंह दिल्ली से आया था। तभी उसने पूजा और आकाश को एक साथ देख लिया था। उसके बाद दोनों ने उसकी हत्या कर दी थी। इसके कुछ दिन बाद सड़क किनारे कूड़े के ढेर में दबा हुआ एक शव मिला था लेकिन पूजा ने उसको पहचानने से इन्कार कर दिया। उस मामले का आज तक खुलासा नहीं हुआ है। अब पुलिस इस मामले से जोड़कर उसका भी खुलासा कर सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

बिनावर थाने में खड़े आरोपी। स्रोत-पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें