कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अब तक नहीं हो सका उच्चीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय उच्चीकृत किए जाने थे। निर्देश था कि कक्षा आठ पास करने के बाद भी छात्राएं यहीं पढ़ें, लेकिन नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए तीन माह से ज्यादा समय हो गया है, पर अब तक ऐसा नहीं हो सका है। ऐसे में अभिभावक असमंजस में हैं कि वे किसी दूसरे स्कूल में छात्राओं का दाखिला दिलाएं या नहीं।
जिले में 18 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हैं। सभी को उच्चीकृत किया जाना था। जिससे छात्राएं इन विद्यालयों से ही कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई कर सकें। ऐसे में यहां अलग भवन भी बनवाए गए। अधिकतर विद्यालयों के भवन इस साल की शुरुआत में विभाग को हैंडओवर भी कर दिए गए, लेकिन तीन माह निकल जाने के बाद में भी दाखिलों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
ऐसे में कक्षा आठ पास करने वालीं छात्राएं और उनके अभिभावक परेशान हैं, हालांकि कुछ अभिभावकों ने तो पास के इंटर कॉलेजों में बेटियों का दाखिला भी दिला है। वहीं विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इस माह के अंत में दाखिलों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश आ जाएंगे। उसी के अनुसार आगे का काम किया जाएगा।
अब तक कक्षा आठ पास छात्राओं के दाखिले को लेकर काेई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। उम्मीद है इस माह के अंत तक दाखिले को लेकर दिशा निर्देश मिल जाएंगे। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-प्रशांत गंगवार, जिला समन्वयक