गुलड़िया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के कस्बा गुलड़िया में बुधवार दोपहर कॉलेज से लौट रही एक छात्रा से छेड़खानी की गई। यह देखकर कई छात्राओं ने आरोपी को दबोच लिया और उसकी जूतों-चप्पलों से धुनाई लगा दी। सूचना पर पहुंचे सिपाही आरोपी की तरफदारी करते नजर आए। एक सिपाही बोला कि पहले मैं आरोपी की चोटें देखूंगा। इसके बाद थाने ले जाऊंगा। इसका तमाम लोगों ने विरोध भी किया। इस संबंध में शोहदे को पीटने और आरोपी की चोटें देखने का सिपाही का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे की है। उस वक्त 15 वर्षीय छात्रा अपने कॉलेज से घर लौट रही थी। वह कस्बे के एक इंटर कॉलेज में 11 वीं की छात्रा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा कस्बे के तांगा स्टैंड पर पहुंची थी कि तभी दौड़ते हुए आए एक शोहदे ने उसके साथ छेड़खानी कर दी।
उस दौरान छात्रा के साथ कई और छात्राएं भी थीं। उन्होंने यह हरकत देखकर शोहदे को उसी समय पकड़ लिया और उसकी जूतों-चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। यह देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। फिर जो भी व्यक्ति वहां आया, उसने शोहदे की पिटाई की। साथ ही लोगों ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दे दी।
इससे मौके पर थाना पुलिस पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थाने से आए सिपाहियों ने पीड़िता की बात सुनने की बजाय भीड़ के सामने कहा कि वह पहले आरोपी की चोटें देखेगा। उसके बाद आरोपी को थाने ले जाएगा। लोगों का कहना है कि सिपाही ने छात्रा को हड़काने की भी कोशिश की। हालांकि भीड़ का विरोध करने पर सिपाही आरोपी को लेकर थाने चले गए। छात्रा ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
-
शोहदे ने साथी की मदद से छात्रा को भिजवाया था मोबाइल नंबर
छात्रा का कहना है कि आरोपी उससे कई बार छेड़खानी कर चुका है। एक बार उसके माता-पिता माफी मांगकर मामला शांत करा चुके हैं लेकिन शोहदा थाने में तैनात एक सिपाही के बल पर लगातार उसके साथ हरकत कर रहा है। भीड़ के सामने भी उसने सिपाही का नाम लिया था और उसे धमकी भी दी थी कि उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। छात्रा का कहना है कि जब वह कॉलेज में पढ़ रही थी तो आरोपी ने अपने एक साथी की मदद से अपना मोबाइल नंबर भिजवाया था।
-
मामला संज्ञान में आया है। इसमें आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। अगर सिपाही का नाम सामने आया है। तो उसकी भी जांच कराई जाएगी और जांच के बाद कार्रवाई होगी।
- शक्ति सिंह, सीओ उझानी