उझानी (बदायूं)। फार्म हाउस मालिक की लापता 17 वर्षीय बेटी हरलीन कौर का शनिवार को घर के पास ही सरसों खेत में शव पड़ा मिला। गले पर चोट के निशान और हाथ में खाली शीशी देख परिजनों ने पुलिस को बुलाया। एसपी सिटी और सीओ ने फोरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
छात्रा हरलीन कौर पंजाब के अमृतसर जिले के बरटोआ थाना क्षेत्र के गांव पट्टी सील निवासी मुखत्यार सिंह की बेटी थी। करीब आठ साल से कटरी में कोतवाली क्षेत्र के गांव सांवतीनगला के पास फार्म हाउस बनाकर रह रहे मुखत्यार के मुताबिक, हरलीन 14 दिसंबर सुबह करीब सात बजे शौच को घर से निकली थी। लौटकर नहीं आई। अगले दिन कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। शनिवार को किसी व्यक्ति के जरिये उसके बेटे अरजेंट सिंह को जब यह पता लगा कि फार्म हाउस के पास ही सरसों की किशोरी का शव पड़ा है तो परिजनों ने उसे खोज निकाला। मृतका के गले पर चोट के निशान देख घरवालों का मानना है कि हत्या गला दबाकर की गई है। उसके हाथ में एक खाली शीशी भी मिली, लेकिन शीशी पर कोई रैपर नहीं था। एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव और सीओ शक्ति सिंह ने प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के साथ मौका मुआयना किया। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट और सैंपल लिए हैं। हत्या की वजह को लेकर तमाम चर्चा चल रही हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के परिजनों ने किसी से भी रंजिश से इंकार कर दिया है। फिर भी कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं, जिनकी तस्दीक के बाद ही स्थिति साफ हो सकती है।