बदायूं। दिवाली के चलते बदायूं-दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। दिल्ली से लौटने वाली प्रत्येक बस में यात्रियों की संख्या सीटों से अधिक पहुंच रही है। इसको देखते हुए परिवहन निगम ने 10 बसें बढ़ा दी हैं। वहीं, दिवाली के दो दिन पहले 20 बसें और भी लगा दी जाएंगी। इन बसों को नजदीकी जनपदों में भेजा जाएगा।
बदायूं-दिल्ली रूट पर अभी और 20 बसें और बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। ये बसें दीपावली तक रूट पर दौड़ेंगी। जनपद के हजारों लोग दिल्ली-गाजियाबाद में रहकर गुजर बसर कर रहे हैं। इनमें कुछ स्वरोजगार करते हैं तो अधिकतर लोग प्राइवेट कंपनियों में नौकरी कर अपना परिवार चला रहे हैं। बदायूं-दिल्ली रूट पर आने-जाने का साधन रोडवेज बसें हैं। जबकि, इस रूट के लिए कोई ट्रेन नहीं है। इससे रोडवेज बसों में अक्सर भीड़ हो जाती है। 31 अक्तूबर को दीपावली है, इसको ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम के एआरएम अजय कुमार ने ने 10 बसों की संख्या में इजाफा किया है।
साथ ही चालकों और परिचालकों को आदेश दिए हैं कि इस रूट पर किसी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े। जितनी सीट हैं, उतने ही यात्रियों को बस में बैठाएं। शेष यात्रियों को अन्य बसें लाएंगी।
भैया दूज पर लोकल एरिया में दौड़ेंगी बसें
दीपावली के चलते दिल्ली-बदायूं रूट पर सबसे अधिक बसें लगाईं जाएंगी, उसके बाद इन बसों को इस रूट से हटा लिया जाएगा। गोवर्धन पूजा के बाद भैया दूज पर इनमें से कुछ बसों को लोकल एरिया में लगा दिया जाएगा। दिल्ली रूट की सभी बसों का पहला चक्कर लोकल एरिया में लगेगा। उसके बाद दिल्ली की सवारियां लेकर चली जाएंगी।
पूछताछ केंद्र से मिलेगी यात्रियों को जानकारी
रोडवेज स्टैंड पर बना पूछताछ केंद्र को प्रभावी बनाया जा रहा है। यात्रियों को यहां पूरी जानकारी मिल सकेगी। पता चल सकेगा कि कौन सी बस कब और कहां जाएगी। इससे यात्रियों को भटकना नहीं पड़ेगा।
त्योहार पर रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इससे दिल्ली-बदायूं रूट पर 10 रोडवेज बसों को और लगाया गया है। दीपावली के दो दिन पहले 20 बसें और भी लगा दी जाएंगी। बाद में इन बसों को पहले नजदीकी जनपदों में भेजा जाएगा। एक-एक चक्कर के बाद बसों को दिल्ली रूट पर लगाया जाएगा। -अजय कुमार, एआरएम परिवहन निगम