हाइवे के लुटेरों पर लगाई गैंगस्टर
बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर लूटपाट करने वाले चार बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस गैंग का सरगना मुरादाबाद का कमर है। इन बदमाशों ने जिले में कई लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया है। अब पुलिस उनकी संपत्ति जब्त करेगी।
फैजगंज बेहटा एसओ सिद्धांत शर्मा के मुताबिक मुरादाबाद जिले की बिलारी थाना क्षेत्र के थामला निवासी कमर पुत्र रफी, इमरान उर्फ इलायची पुत्र बदलू, संभल के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कन्हई नगला निवासी फुरकान उर्फ सदुआ पुत्र जमा खां और फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव परमानंदपुर निवासी उदयपाल पुत्र गनपत का एक संगठित गिरोह है। इसका सरगना कमर है।
इस गिरोह के बदमाशों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। कुछ माह पहले इन बदमाशों ने फैजगंज बेहटा इलाके में एक गल्ला व्यापारी को गोली मारी थी। व्यापारी उसमें घायल हुआ था और बदमाश उससे पांच लाख रुपये लूटकर ले गए थे। थाना पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। अब पुलिस ने उनके खिलाफ गैंगस्टर के तहत एफआईआर दर्ज की है।
न्यायालय में सरेंडर हो गया था इलायची
बदमाश इलायची न्यायालय में सरेंडर हो गया था। एसओजी ने उसे न्यायालय परिसर से गिरफ्तार करने की कोशिश की थी लेकिन एसओजी कामयाब नही हुई थी। वकीलों ने इलायची को छुड़ा लिया था। हालांकि कुछ माह बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया था।