ककराला कांड में नामजद आरोपी अमजद ले चुका है स्टे, गैंगस्टर में अमन का नाम भी शामिल
बदायूं। ककराला कांड के मामले में पुलिस ने भी तू डाल डाल मैं पात पात वाला खेल शुरू कर दिया है। जहां इस मामले में नामजद साजिशकर्ता अमजद हाईकोर्ट गिरफ्तारी स्टे ले आया था। अब वहीं पुलिस ने उसके समेत चार आरोपियों पर गैंगस्टर के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
अलापुर इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बुधवार को ककराला के वार्ड नंबर 18 निवासी अमजद पुत्र रुस्तम, अमन पुत्र मोवाइद, अफसर पुत्र मजीद और नबुआ पुत्र बाबू कुरैशी के खिलाफ गैंगस्टर के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, यह चारों आरोपी गोहत्या और गो तस्करी के मामलों में शामिल रहे हैं। यह लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते आए हैं। उन्होंने अपना गैंग भी बना लिया है। यह अपने गैंग के साथ ककराला ही आसपास इलाके में भी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इन आरोपियों में शामिल अमजद और अमन ककराला कांड के मामले में भी नामजद हैं। हालांकि अमजद उस मामले में हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले आया है, लेकिन इस कांड की साजिश ही अमजद और नजमुल ने रची थी। इन्होंने ही लोगों को बरगलाकर इतना बड़ा कांड करा दिया। तब से पुलिस बवाल में शामिल 45 आरोपियों को जेल भेज चुकी है, लेकिन अमजद और नजमुल नहीं पकड़े गए हैं। दोनों ही हाईकोर्ट से स्टे ले आए हैं लेकिन अब गैंगस्टर का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अमजद समेत चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि जल्द ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।