वजीरगंज के हतरा गांव में मकान जब्त करने पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
वजीरगंज (बदायूं)। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को हतरा गांव के गैंगस्टर हसीब की करीब साढ़े पांच लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। उसका मकान कब्जे में लेकर सील करा दिया है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव हतरा निवासी हसीब पुत्र हबीब गैंगस्टर है। उसके खिलाफ गोतस्करी समेत कई मामले दर्ज हैं। बृहस्पतिवार को डीएम के आदेश पर एसडीएम बिसौली ज्योति शर्मा, सीओ बिसौली ओजस्वी चावला और इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय हतरा गांव पहुंचे। उन्होंने डुगडुगी बजवाकर ग्रामीणों को जानकारी दी।
हसीब को अपना मकान खाली कराने को कहा गया। पुलिस ने मकान खाली कराने के बाद उसको जब्त कर लिया। दरवाजे पर ताला लगाकर उसको सील करा दिया गया। मकान के बाहर एक नोटिस बैनर लगाया गया है। सीओ ने बताया कि हसीब एक गैंग बनाकर काम करता है। इससे उसके खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई थी। उसके तहत आरोपी का मकान जब्त कर लिया गया है।