- कैली गांव के नजदीक जाम लगा चुके हैं ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव (बदायूं)। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र में कैली गांव के नजदीक गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण से वर्षों पुराना रास्ता बंद हो रहा है। आसपास गांव के लोग इसे खुलवाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक उनकी ग्रामीणों की समस्या हल नहीं हुई है। अब उन्होंने डीएम से अंडरपास बनवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कैली गांव के नजदीक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो रहा है। इससे कैली, इमलिया, इनायतगंज, ओझा, लाही फरीदपुर समेत कई गांव का रास्ता बंद हो रहा है। यह उनका वर्षों पुराना रास्ता है। पुराने जमाने से वह इसी रास्ते से कुंवरगांव बदायूं आते-जाते रहे हैं लेकिन अब आकर यह रास्ता हमेशा के लिए बंद किया जा रहा है। कुछ दिन पहले उन्होंने कैली गांव के नजदीक प्रदर्शन कर अंडरपास बनवाने की मांग की थी लेकिन एक्सप्रेस-वे के ठेकेदार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। अब उन्होंने डीएम कार्यालय में जाकर अंडरपास बनवाने की मांग की है। इस दौरान नरेशपाल सिंह, अनिल कुमार सिंह, ओमप्रकाश, अवधेश, वीरेंद्र, मुकेश पाली समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।