बदायूं। श्री गणेश कथा के चौथे दिन कथावाचक राध्या भारद्वाज ने कथा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि भगवान गणेश रिद्धि सिद्धि के प्रदाता हैं। पूजन करने वाले को किसी प्रकार का कोई भी कष्ट नहीं होता।
आज मनुष्य जो भी कष्ट भोगता है, अपने कर्मों के फलों के अनुसार ही भोगता है, यदि हम अपना मन पवित्र करके अपना आचरण पवित्र करके भगवान में ध्यान लगाएंगे, तो निश्चित रूप से हमारे जीवन के कष्टों को भगवान गणेश दूर करेंगे।
उन्होंने बताया कि भगवान गणेश का विवाह रिद्धि सिद्धि के साथ संपन्न हुआ। श्री गणेश सेवा मंडल के सदस्यों की ओर से भगवान गणेश की बरात व रिद्धि सिद्धि की झांकी प्रस्तुत की गई।
गणेश भक्तों ने भगवान गणेश के विवाह का पूरा आनंद लिया। इस मौके पर शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल, गणेश सेवा मंडल के वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, सुनील वार्ष्णेय, नितेश वार्ष्णेय, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं भगवान गणेश की पूजा अर्चना का कार्य पंडित हरिशंकर मिश्रा ने कराया और मंच का संचालन पंकज शर्मा ने किया।
भगवान शिव और गणेश जी को प्रिय है शमी का वृक्ष
बिल्सी। पीपल बाबा मंदिर पर मनाए जा रहे गणेश महोत्सव में कथावाचक आचार्य रविकांत पाठक ने शमी के पेड़ का महत्व के बारे में बताया। कहा कि शमी का पेड़ भगवान शिव और गणेश जी को भी अति प्रिय है। सोमवार के दिन भगवान शिव को शमी के पुष्प चढ़ाने से लाभ होगा। गृहस्थ लोगों के जीवन में सुख-शांति आएगी। वहीं गणेश जी को बुधवार के दिन दूर्वा के साथ आप शमी के पुष्प अर्पित करके लाभ प्राप्त कर सकते हैं। ऐसा करने से आपके घर में कभी पैसों की तंगी नहीं आएगी और मां लक्ष्मी का वास सदैव बना रहेगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय, नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, कमलेश वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे। संवाद