- वेंडिंग जोन में कचरा ढोने के वाहन, हत्थू ठेला, टायर और अन्य कबाड़ पर पालिका कराएगी सौंदर्यीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। वेंडिंग जोन घोषित हो चुके वन विभाग मार्ग का कायाकल्प नगर पालिका जल्द कराएगी। इसके लिए नगर पालिका कबाड़ वाहन, टायर और कचरे में जा चुके उपकरणों को डिजाइन कराकर वेंडिंग जोन में लगवाएगी। यह सभी चीजें वेंडिंग जोन में लगने वाले ठेलों के आसपास लगाई जाएंगी। वहां आने वाले ग्राहकों के बैठने के लिए टायर और हत्थू ठेलों को उपयोग में लाया जाएगा।
शहर में जगह-जगह लगने वाले ठेले, खोमचों की वजह से जाम की समस्या बनी रहती है। जाम की समस्या खत्म करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने वन विभाग रोड को वेंडिंग जोन घोषित किया हुआ है, ताकि सभी इस स्थान पर ठेले, खोमचे आदि लगाना शुरू कर दें। वेंडिंग जोन बनने के बाद उस स्थान का सौंदर्यीकरण न होने की वजह से कम संख्या में ही ठेले वाले पहुंचते हैं। ऐसे में अब महानगरों की तर्ज पर वेंडिंग जोन को मॉडल बनाने की तैयारी की गई है।
योजना के तहत कबाड़ हो चुके वाहन, हत्थू ठेला, टायर-टयूब से वहां पूरे रोड पर मॉडल ठेले, बैठने के लिए बेंच, कैनोपी आदि की डिजाइन कराई जाएगी। इसके लिए वॉटर वर्क्स स्थित डूडा कार्यालय परिसर में जमा कबाड़ को इकट्ठा कराया जा रहा है। योजना के परवान चढ़ने के बाद यहां ठेले वालों को भी सुविधा होगी।
ईओ डॉ. दीप कुमार ने बताया कि पालिका में कबाड़ हो रहे सामान का उपयोग वेंडिंग जोन को मॉडल बनाने के लिए किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद वन विभाग रोड का नजारा ही बदला दिखाई देगा।
जयपुर से बुलाए जा रहे हैं कारीगर
वेंडिंग जोन को मॉडल बनाने के लिए जयपुर से कारीगर बुलाए जा रहे हैं। वह कबाड़ वाहनों को इस तरह से डिजाइन करेंगे कि देखने वाले उस स्थान पर बैठना और सेल्फी लेना पसंद कर सकें। कबाड़ वाहनों को बेहतर तरीके से पेंट किया जाएगा, किसी की बॉडी तो किसी के इंजन का हिस्सा अलग-अलग लगाया जाएगा। खराब हो रहे टायरों पर पेंट पर हत्थू ठेलों में बैठने का स्थान बनाया जाएगा।
03बीडीएन21आर-शहर का वन विभाग रोड। संवाद