दौलतपुर गांव में घर का निकास बंद करने के लिए नाली में लगाई गई दीवार। संवाद
दबतोरी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुर में जो दबंग लोग घन से दीवार तोड़कर दरवाजा उखाड़ ले गए अब उन्होंने ही सड़क किनारे नाली में दीवार लगाकर रास्ता बंद करने कोशिश की है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे।
ग्राम दौलतपुर निवासी नेमवती पत्नी राय सिंह ने पड़ोस के कुछ लोगों पर घन से दीवार तोड़कर दरवाजा उखाड़ ले जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में एक वीडियो भी वायरल हुआ था। महिला का कहना है कि उसका अपनी जगह में दरवाजा लगा था। उसका आरोपियों से कोई लेना-देना भी नहीं था, जबकि उनका घर भी नजदीक में नहीं है। केवल वह अपने घर के दो दरवाजे सड़क पर निकाल रहे थे। सामने सरकारी सड़क है। बावजूद इसके आरोपी उसके दरवाजा निकालने का विरोध कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को उन्होंने दीवार के बाहर सड़क किनारे नाली में ही दूसरी दीवार लगाकर उनका रास्ता बंद करने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने दीवार लगाने का काम शुरू किया, तभी महिला ने पुलिस को सूचना दे दी, जिससे आरोपी मौके से भाग गए। इंस्पेक्टर सुनील अहलावत का कहना है कि गांव के कुछ लोग खुराफात कर रहे हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।