(15 बीडीएन-20)मूसाझाग में मकान में लगी आग से जले सामान को दिखाता मकान मालिक।संवाद
बुधवार की सुबह खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा
मूसाझाग (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव हथिनीभूड़ में बुधवार की सुबह खाना बनाने के दौरान अचानक सिलिंडर लीक होने से घर में आग लग गई। आग में घर में रखा काफी सामान जल गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। मकान मालिक ने इसकी सूचना राजस्व विभाग को दे दी है। नुकशान की कीमत करीब दो लाख बताई जा रही है।
पूर्व प्रधान श्रीपाल की पुत्रवधू प्रीति पत्नी धर्मेंद्र बुधवार सुबह घर में गैस सिलिंडर पर खाना बना रही थीं। परिवार वालों के मुताबिक, उस दौरान सिलिंडर के पाइप से गैस लीक हो रही थी। जब तक उन्हें इसकी जानकारी होती, उससे पहले ही सिलिंडर में आग लग गई। वह डरकर बाहर की ओर भागीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार वाले और मोहल्ले के कई लोग आ गए, लेकिन तब तक आग कमरे में फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से कमरे में रखा 25 किलो मेंथा का तेल, 52 हजार रुपये और धान के कट्टे, कपड़े आदि जल गए।
ग्रामीणों ने बमुश्किल पानी डालकर आग पर काबू पाया। परिवार वालों ने बताया कि उनके घर में रखे सारे कपड़े जल गए हैं। उनके पास पहनने के लिए कोई कपड़ा तक नहीं बचा है। इसकी सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है।