म्याऊं क्षेत्र के गांव मराैरी में झोपड़ी नुमा घर में लगी आग से जला सामान। संवाद
बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र के गांव मरौरी में मंगलवार देर शाम चूल्हे की चिंगारी से झोंपड़ीनुमा घर में आग लग गई । जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया लेकिन तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। इसमें करीब दो लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
गांव मरौरी निवासी नंदराम सक्सेना का परिवार एक झोंपड़ीनुमा घर में रह रहा था। नंदराम के मुताबिक उनका घर गांव के पश्चिम दिशा में है। मंगलवार शाम उनके झोंपड़ीनुमा घर में चूल्हे पर दूध गरम हो रहा था। परिवार के सभी अपने-अपने कार्यों में लगे थे। उसी दौरान किसी तरह चूल्हे की चिंगारी से उनके झोंपड़ीनुमा घर में आग लग गई। जब तक परिवार वाले मामले को समझपाते, उससे पहले आग ने पूरी झोंपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में झोंपड़ी से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। यह देखकर परिवार वाले दौड़ पड़े। उनके शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग आ गए और आग बुझाने में जुट गए लेकिन तब तक उनकी झोंपड़ी में रखा अनाज, चारपाई, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया था। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। नंदराम के मुताबिक इसमें करीब दो लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर राजस्व विभाग के अधिकारियों को इसकी रिपोर्ट दी है।