दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रफतपुर मौरू जनूवी में सोमवार रात अचानक एक झोंपड़ीनुमा घर में आग लग गई, जिससे घर में रखा सारा सामान जल गया और अंदर सो रहे परिवार वाले बाल-बाल बच गए।
हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। उस दौरान रफतपुर मौरू जनूवी निवासी सोमवीर और उनके भाई होमवीर के परिवार वाले अपने झोंपड़ीनुमा घर के अंदर सो रहे थे। रात करीब 10 बजे अचानक उनके झोंपड़ीनुमा घर में आग लग गई। जब तक परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई, तब तक आग की लपटों ने पूरे घर को चारो ओर से घेर लिया। जब परिवार वालों को गर्मी महसूस हुई तो वह शोर मचाते हुए घर से बाहर निकलकर भागे। इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया । इससे गांव वालों ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाना शुरू कर दी । ग्रामीणों ने इस संबंध में फायर ब्रिगेड को सूचना नहीं दी थी। सोमवीर के घर के आसपास चार हैडपंप लगे थे। ग्रामीणों ने नल चलाकर आग बुझाना शुरू कर दी। सभी लोगों ने बमुश्किल से आग पर काबू पाया। इस हादसे में सोमवीर के 40 हजार नकद, बेड, कपड़े, बर्तन, चांदी के जेवर, अनाज समेत काफी सामान जल गया । जबकि होमवीर के घर में 10 हजार नकद व घरेलू सामान जल गया। सुबह इसकी सूचना पर लेखपाल पहुंच गए। उन्हाेंने क्षति का आंकलन कर उसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी है।
आग से जला घर का सामान। संवाद