बदायूं। महिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग और स्थायी महिला कर्मचारी में शुक्रवार की सुबह आठ बजे अवैध वसूली को लेकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते लात घूंसे चलने लगे। कर्मचारियों ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को समझाकर शांत कर दिया। वहीं, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने डीएम निधि श्रीवास्तव को शिकायती पत्र दिया है। साथ ही एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग से कर्मचारियों की भर्ती की गई है। बृहस्पतिवार रात को पूनम की ड्यूटी थी। सुबह ड्यूटी खत्म हुई तो वह घर जाने को तैयार हुई इसी दौरान लेवर रूम में स्थायी महिला कर्मचारी निशा तारिक पहुंच गईं। रात में की गई अवैध उगाही को लेकर लेकर दोनों के बीच बात हो रही थी। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। जमकर लात-घूंसे चलने लगे। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद आउटसोर्सिंग कर्मचारी जमा हो गए और स्थायी कर्मचारी की दबंगई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंच गए। शिकायती पत्र देकर फर्जी नियुक्ति की जांच कराने की मांग की। आरोप लगाया है कि निशा तारिक अपनी मां की जगह पर नौकरी पर लगी है। इस बीच उन्होंने फर्जीवाड़ा किया है। जांच कर कार्रवाई की जाए।
एक-दूसरी पर लगाती रहीं आरोप
कर्मचारी एक दूसरे पर आरोप लगाती रहीं। निशा तारिक का कहना है कि वह ड्यूटी पर आई तो पूनम तीमारदार से एनीमा लगाने के रुपये मांग रही थीं। न देने पर तीमारदार को बुरा भला कहने लगीं। वहीं, पूनम का आरोप है कि निशा तारिक ड्यूटी को लेकर उसके द्वेष भाव रखती हैं। इसी को लेकर उसने अभद्रता की और मारपीट की है।
दोनों वार्डआया...ड्यूटी लेवर रूम में
वार्डआया का मुख्य काम वार्ड की सफाई व बेड सीट चेक कर उनको बदलवाना होता है। यहां तो वार्डआया प्रसूताओं और गर्भवती महिलाओं के प्रसव तक में हाथ बंटाती नजर आ रहीं हैं। ऐसा नहीं कि इस पूरे खेल की जानकारी सीएमएस को नहीं है, लेकिन पूछने पर पल्ला झाड़ने का काम किया जा रहा है।
डीएम सीएमएस से बोलीं- अस्पताल में हो रही मारपीट, तुमको पता नहीं
- कर्मचारी जब शिकायत करने डीएम के पास पहुंचे तो उन्होंने सीएमएस को फोन लगा दिया। पूछा कि क्या मामला है कुछ कर्मचारी यहां आए हैं। मारपीट का आरोप दूसरी कर्मचारी पर लगा रहे हैं। सीएमएम ने कहा ऐसी कोई जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है। इसपर डीएम ने कहा जिम्मेदार हो और पता ही नहीं कि दो कर्मचारियों में मारपीट हुई है।
डीएम कार्यालय पर खड़े आउटसोर्सिंग कर्मचारी। स्रोत- स्वंय