दातागंज(बदायूं)। फेसबुक पर प्यार हुआ तो फतेहगंज पश्चिमी की रहने वाली दूसरे समुदाय की युवती अपना घर छोड़कर दातागंज कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले प्रेमी के घर आ गई। वह पहले भी एक बार आ चुकी थी, लेकिन तब परिवार वाले पुलिस को लेकर आए और उसे ले गए थे। बृहस्पतिवार को उन्होंने युवती को जबरन ले जाने की कोशिश की, जिससे हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। देर शाम तक दोनों पक्षों के लोग कोतवाली में जमे रहे। युवती-युवक के साथ रहने को अड़ी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का फतेहगंज पश्चिमी निवासी दूसरे समुदाय की युवती से प्रेमप्रसंग हो गया। वह अपना घर छोड़कर युवक के पास आ गई थी। इसके बाद उन्होंने 18 जून को मंदिर में शादी कर ली थी। इस संबंध में युवती के परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
शादी के बाद परिवार वाले पुलिस को लेकर आए और युवती को लेकर चले गए। बताते हैं कि एक दिन पहले युवती फिर युवक के घर आ गई। इससे युवक के पिता ने युवती के पिता को सूचना दे दी, जिससे वह बृहस्पतिवार दोपहर युवक के घर पहुंच गए।
युवक के पिता ने कहा कि वह लड़की को तभी जाने देंगे, जब वह तहसील जाकर स्टांप पेपर पर लिखकर देंगे। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे दोनों पक्ष तहसील में बैठे थे। वह स्टांप पेपर पर लिखवा रहे थे लेकिन युवती ने घर जाने से इन्कार कर दिया। यह सुनकर परिवार वालों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, जिससे तहसील में हंगामा हो गया।
युवक के परिवार वालों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें कोतवाली ले आई। देर शाम तक कोतवाली में दोनों समुदाय के लोग जमा हो गए, लेकिन फैसला नहीं हो सका। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि इसमें लड़की के बयानों के आधार पर कार्रवाई होगी।