उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव अमीरगंज निवासी युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या में नामजद पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर चाकू और वह डंडा भी बरामद कर लिया गया जिससे युवक पर हमला किया गया। रंजिश की वजह शादी टूटने को लेकर ही सामने आई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
अमीरगंज (पलियानगला) निवासी मलखान कश्यप (18) पुत्र श्रीकृष्ण की उसी के कुनबे के बृजेंद्र और उसके पिता जुगेंद्र ने शुक्रवार को घर से कटरी में बुलाकर ले जाने के बाद चाकुओं से गोद दिया था। उसकी इलाज को बरेली ले जाते रास्ते में मौत हो गई थी। पुलिस के अनुुसार हत्या में मृतक के पिता श्रीकृष्ण ने बृजेंद्र और उसके पिता को नामजद कराया था। दोनों नामजदों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और डंडा बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान बृजेंद्र ने पुलिस को बताया कि शादी टूटने के बाद मलखान और उसके घरवाले उसका मजाक उड़ाया करते थे। जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पाया। इसीलिए वह मलखान को सेलफोन ठीक कराने के बहाने कछला के बजाय कटरी को लेकर चला गया। कटरी में गांव ननाखेडा से पूर्वी तरफ घटना को अंजाम दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि परिजनों ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। गांव में तनाव नहीं है।