पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा कनेक्शन
बदायूं। अब किसानों को महंगा डीजल खरीदकर खेतों की सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। आधी अधूरी सिंचाई का कारण बन रही बिजली कटौती का डर भी नहीं रहेगा। पीएम कुसुम योजना के तहत जिले को लक्ष्य दिया गया है। इसमें पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किसानों को सोलर पंप का कनेक्शन दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान योजना में फसलों की सिंचाई के लिए सोलर पंप दिए जा रहे हैं। इसमें किसानों को 60 फीसदी का अनुदान दिया जाएगा। इसमें 30 फीसदी केंद्र व 30 फीसदी राज्य सरकार देगी। इसमें किसानों को अपना अंश 40 फीसदी देना होगा।
जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत सोलर पंप पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे। इसके लिए आवेदन 21 अक्तूबर से शुरू कर दिए गए हैं। अनुदान पर सोलर पंप पाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग के लिए वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉट यूपीएग्रीकल्चर डॉट कॉम पर कर सकते हैं। विभागीय वेबसाइट से टोकन जारी होने के सात दिन के अंदर अपने अंश की राशि को बैंक में जमा करना होगा। तय समय में जमा न करने वाले किसानों का टोकन निरस्त कर दिया जाएगा। वहीं जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को बोरिंग खुद कराना होगा।