बिनावर। बरेली-बदायूं हाईवे पर बृहस्पतिवार रात बाइक की टक्कर से किसान नंदलाल (55) की मौत हो गई। वह रात करीब 10 बजे खेत से अपने घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार टक्कर मारकर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुबह किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव मलगांव निवासी नंदराम खेतीबाड़ी करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वह बृहस्पतिवार शाम अपने खेत पर सिंचाई करके घर लौट रहे थे। बरेली-बदायूं हाईवे पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे नंदराम गंभीर रूप से घायल हो गए। बताते हैं कि हादसे में बाइक की लाइट और नंबर प्लेट टूटकर मौके पर गिर गई थी। इसकी सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसान को जिला अस्पताल ले गए, जहां देर रात नंदराम की उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक किसान का एक बेटा डबलू है।