वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव लहरा लाड़पुर में सोमवार सुबह खेत की तारकशी में करंट आने से किसान मिश्रीलाल (55) की मौत हो गई। वह सुबह शौच के लिए खेत पर जा रहे थे। बताते हैं कि रास्ते में खेत मालिकों ने अपनी फसल बचाने के लिए तारकशी में करंट छोड़ रखा था। पुलिस ने किसान के बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ग्राम लहरा लाड़पुर निवासी किसान मिश्रीलाल खेतीबाड़ी करते थे। बेटे वीरेश कुमार का कहना है कि उसके पिता मिश्रीलाल सोमवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए घर से निकले थे। वह अक्सर शौच करने खेत में जाते थे। वह रोज की तरह ही सुबह भी अपने खेत पर जा रहे थे। रास्ते में उनके गांव के परशुराम का खेत है। उसमें उन्होंने मक्का की फसल कर रखी है। उसके चारों ओर परशुराम, उनके बेटे मुकुट व सुभाष, सुनील पुत्र रामऔतार आदि ने तारकशी करवा रखी है, ताकि कोई पशु मक्का की फसल में न घुस सके। वहीं नजदीक से बिजली की लाइन गुजर रही है। आरोपियों ने बिजली की लाइन में तार डालकर तारकशी में करंट छोड़ रखा था।
उसके पिता जैसे ही तारकशी के नजदीक से गुजरे कि उन्हें करंट लग गया और वह जमीन पर गिर गए। उनकी चीख सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग दौड़ पड़े। उन्होंने जैसे-तैसे तारकशी से किसान को अलग किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर किसान के परिवार वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई। इसके बाद किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। किसान के बेटे वीरेश का कहना है कि पहले पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी। तब उन्होंने एसएसपी से मामले की शिकायत की। उनके आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार का कहना है कि इसमें तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें मामले की विवेचना के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
तारकशी में छोड़े करंट से जा चुकी है दो लोगों की जान
फरवरी 2024 में हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव बघौरा में करंट लगने से 28 साल के हाकिम की मौत हो गई थी। इसी तरह एक हादसा जनवरी 2024 में मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव चिंजरी में हुआ था। उसमें 25 वर्षीय सोमवीर की मौत हो गई थी। वह अपनी फसल में सिंचाई कर रहा था। उसके पड़ोसी खेत मालिक ने तारकशी में करंट लगा दिया था। फरवरी 2024 में ही उसावां थाना क्षेत्र के गांव भवन नगला में तारकशी के करंट की चपेट में आकर दो नीलगायों की मौत हो गई थी। उसमें वन रक्षक ने खेत मालिक पर एफआईआर दर्ज कराई थी।