मैन ऑफ द मैच रहे रवि को पुरस्कार देते प्रदीप शंखधार। संवाद
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव फकीराबाद में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को नगला दंपत और फकीराबाद की टीम के बीच मैच हुआ। इसमें नगला दंपत के कप्तान अमन कुमार ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया।
पहले खेलते हुए फकीराबाद की टीम के बल्लेबाज रवि कुमार ने 16, छोटे ने 15, राजेश ने 12 रन की पारी की मदद से निर्धारित 12 ओवर में छह विकेट खोकर 109 रन बनाए। नगला दंपत की टीम की ओर से गेंदबाजी करते मुनाजिर ने चार, अवनीश ने दो विकेट लिए। इसके बाद जीत के लिए 110 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी नगला दंपत की टीम के खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पाए।
ओपनर बल्लेबाज राहत अली ने छह, अवनीश ने 16 रन बनाए। इस प्रकार उनकी पूरी टीम मात्र 50 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई। फकीराबाद की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए रवि ने छह, राजेश ने दो और मानव ने एक विकेट हासिल किया। इस प्रकार फकीराबाद की टीम को 60 रन से विजयी घोषित किया गया। टीम की ओर से रवि को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर अरुण कुमार, विनोद कुमार, रोहित कुमार, बेचेलाल, रवि कुमार, अनुज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।