सिंगथरा गांव में पेड़ पर बैठे गिद्ध। संवाद
बदायूं। विकास खंड वजीरगंज क्षेत्र के गांव सिंगथरा में ग्रामीणों ने शनिवार को एक पेड़ पर 20 से 25 गिद्ध बैठे देखे। इन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम जमा हो गया। युवाओं ने इनके फोटो खींचे और वीडियो भी बनाए। जिले में दशकों पहले गिद्ध विलुप्त हो गए थे। बीच-बीच में एक दो बार एक या दो गिद्ध देखने को मिले, लेकिन इतनी बड़ी सख्या में गिद्ध देखकर लोगों में कौतूहल है।
एमएफ हाईवे से चंद कदम दूरी पर शनिवार को एक पेड़ पर 20-25 गिद्ध दिखाई दिए। क्षेत्रीय वन अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि प्रकृति के सफाईकर्मी मृत जानवरों को खाने वाले गिद्ध पिछले कई दशकों से विलुप्त प्राय: हो चुके हैं। इनके संरक्षण के लिए विभाग से पूर्ण सहयोग रहता है। क्षेत्र के लोगों को यदि गिद्ध देखने को मिले हैं तो अच्छी बात है, हम भी टीम भेज कर उनकी देखरेख करेंगे। अभी तक गांव के लोगों ने उनको सूचना नहीं दी थी। अब सूचना मिली है तो गांव में टीम भेजकर दिखवाया जाएगा। संवाद