- लंबे समय से किराया जमा न करने पर नगर पालिका ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में नगर पालिका प्रशासन ने अब दुकानदारों से वसूली की कार्रवाई तेज कर दी है। शहर में 25 लाख रुपये बकाया होने पर नगर पालिका ने 300 दुकानदारों को बेदखली का नोटिस जारी किया है। नोटिस में दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वह 31 मार्च तक किराया जमा कर दें, नहीं तो उनको दुकानों से बेदखल किया जाएगा।
नगर पालिका की दुकानों में काबिज तमाम दुकानदारों से लंबे समय से किराया जमा नहीं किया है। किराया जमा न होने के पीछे राजनीतिक कारण भी रहता है। चेयरमैन अपने वोट बैंक को साधने के लिए दुकानदारों पर वसूली का ज्यादा दबाव नहीं बनाते हैं। इसका फायदा दुकानदार उठाते रहते हैं। शहर में भी तमाम दुकानदार ऐसे हैं, जो पालिका के बड़े बकायेदार हैं। ऐसे दुकानदारों को चिह्नित किया गया तो 300 दुकानदार ऐसे निकले जिन पर नगर पालिका का 25 लाख रुपये बकाया है। उनको चेयरमैन का कार्यकाल खत्म होने के बाद वसूली के लिए नोटिस भी जारी किया गया था, इसके बाद भी उन्होंने किराया जमा नहीं किया। नगर पालिका ने लगातार तीन नोटिस जारी किए इसके बाद भी उन नोटिस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद नगर पालिका ने अब उन दुकानदारों को बेदखली का नोटिस जारी किया है। सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वह 31 मार्च तक अगर किराया जमा नहीं करते हैं तो उनको दुकानों से बेदखल किया जाएगा।
दुकानदार लंबे समय से किराया जमा नहीं कर रहे हैं, इसमें 700 दुकानदारों में 300 दुकानदारों को बेदखली का नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद अन्य बकायेदारों को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
-दीप कुमार, ईओ पालिका