स्कूल चलो अभियान के तहत जिले में बीते दिन भी कई स्थानों पर बच्चों के स्कूलों में नामांकन कराने के लिए जागरुकता रैली निकालीं गईं। विकास खंड इस्लामनगर क्षेत्र के गांव बुद्धनगर में प्राथमिक स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक नवाब सिंह ने रैली को रवाना किया। रैली गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। बच्चे नारे लगाकर अभिभावकों को अपने छह से 14 साल तक के बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने को प्रेरित करते हुए चल रहे थे। इंचार्ज प्रधानाध्यापक नवाब सिंह ने कहा कि इस साल पहली अप्रैल से नया शैक्षिक शुरु हो रहा है। हर अभिभावक को चाहिए वह अपने बच्चे का स्कूल में नामांकन अवश्य कराएं। उन्होंने सरकार द्वारा बच्चों के हित में चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में भी बताया। रैली में शिक्षक बबिता चौहान, राकेश चंद्र यादव, शिक्षामित्र महीपाल सिंह आदि थे। इसी विकासखंड के गांव करियामई के पूर्व माध्यमिक स्कूल के बच्चों ने भी स्कूल चलो रैली निकाली। रैली में एबीआरसी वागीश कुमार पाठक, एनपीआरसी किशनलाल आदि थे।